सूचना विभाग के सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई दी गई

Uttarakhand News

देहरादून, 30 मई। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखण्ड मुख्यालय में सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट के शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने के अवसर पर गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके दीर्घ, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

समारोह में अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह, उप निदेशक रवि विजारनिया, बद्री चंद सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री भट्ट को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की।

अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि श्री भट्ट ने अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं सरल व्यवहार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विभाग की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ किया। उनके अनुभव और सहयोगात्मक दृष्टिकोण से विभाग को सदैव लाभ मिला।

संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने कहा कि श्री भट्ट उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड दोनों राज्यों में उनके सहयोगी रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की वास्तविक पूंजी उसके कर्मठ और अनुभवी कार्मिक होते हैं तथा श्री भट्ट का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि श्री भट्ट ने एक कुशल, जिम्मेदार एवं समर्पित अधिकारी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने विभागीय उद्देश्यों की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उप निदेशक रवि विजारनिया सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री भट्ट के साथ बिताए गए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा किया तथा उनके सौम्य व्यक्तित्व, कार्यकुशलता एवं सहयोगी स्वभाव की सराहना की।

अपने संबोधन में ललिता प्रसाद भट्ट ने विभागीय अधिकारियों एवं सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूचना विभाग में बिताया गया उनका सेवाकाल जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने कहा कि विभागीय सहयोग, आत्मीयता और टीम भावना ने उन्हें सदैव बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *