सचिवालय बैडमिंटन क्लब की स्मारिका “प्रयास बेहतर कल के लिए” का मुख्यमंत्री धामी ने किया विमोचन

Uttarakhand News

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा प्रकाशित स्मारिका “प्रयास बेहतर कल के लिए” का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को स्मारिका के प्रकाशन के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार की पहलें न केवल खेल गतिविधियों को बढ़ावा देती हैं, बल्कि सकारात्मक कार्य संस्कृति के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि खेल मानव जीवन में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने सचिवालय कर्मियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, जिसका सकारात्मक प्रभाव कार्यकुशलता पर भी पड़ता है।

उन्होंने स्मारिका में प्रकाशित लेखों, उपलब्धियों और गतिविधियों की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि यह प्रकाशन भविष्य में अधिक से अधिक लोगों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पांडेय, उत्तराखण्ड सचिवालय बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष हीरा सिंह बसेड़ा, प्रधान संपादक भूपेंद्र सिंह बसेड़ा, महासचिव प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष चंदन बिष्ट, संयुक्त सचिव पुष्कर सिंह नेगी, सदस्य चंद्रशेखर, रंजीत सिंह, दीपक बिष्ट, विमला आर्या, दीपा बोहरा और संदीप कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *