देहरादून | 11 फरवरी 2026
राजधानी देहरादून के डालनवाला थाना क्षेत्र में हुई गोलीकांड की घटना को लेकर पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल परिक्षेत्र) राजीव स्वरूप ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
आईजी ने उपलब्ध भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों की समीक्षा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को विशेष टीमों के गठन और सर्विलांस संसाधनों के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कानून व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
संवेदनशीलता को देखते हुए परिक्षेत्रीय कार्यालय में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के साथ बैठक की गई। बैठक में हाल की आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए निम्न निर्देश दिए गए—
- क्षेत्राधिकारी अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें और पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करें।
- संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ नियमित एवं आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाए जाएं।
- आपसी रंजिश, भूमि विवाद जैसे मामलों में समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
- सोशल मीडिया पर प्रसारित मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर वैधानिक कार्रवाई हो।
- बैंकों की सुरक्षा जांच और विद्यालयों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
आईजी गढ़वाल ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।