स्वच्छता रैंकिंग में NDMC का शानदार प्रदर्शन

National news

(नई दिल्ली )11 नवंबर 2026

स्वच्छता के मामले में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। 50 हजार से तीन लाख की जनसंख्या वाले शहरों की कैटेगरी में एनडीएमसी ने पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। बीते साल इसी जनसंख्या वर्ग में एनडीएमसी को सुपर स्वच्छ लीग सिटी अवॉर्ड से नवाजा गया था। इस बार परिषद ने सीधे तौर पर देश के दूसरे सबसे स्वच्छ शहर के रूप में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। बुधवार को विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एनडीएमसी को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।

केंद्र सरकार के प्रमुख कार्यालयों, विदेशी दूतावासों और अहम पर्यटन स्थलों के साथ-साथ कनॉट प्लेस, खान मार्केट, जनपथ और सरोजिनी नगर जैसे बड़े कमर्शियल बाजार भी एनडीएमसी के दायरे में आते हैं। इंडिया गेट और कर्तव्य पथ जैसे प्रमुख पब्लिक प्लेस पर भी हर रोज बड़ी संख्या में सैलानी और स्थानीय लोग आते हैं। ऐसी स्थिति में रोजाना सफाई, कचरे का उठाव और सार्वजनिक स्थलों को साफ बनाए रखना परिषद के लिए एक बड़ी चुनौती बना रहता है।

एनडीएमसी के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने के लिए रात्रिकालीन सफाई, मशीनीकृत तरीके से सड़कों की सफाई, कचरा उठाने और सड़कों को धोने की व्यवस्था पर विशेष फोकस किया गया है। साथ ही कचरे को अलग-अलग छांटने, उसके पुनर्चक्रण और स्थानीय स्तर पर जैविक कचरे के निस्तारण की प्रणाली को और मजबूत किया गया है। एनडीएमसी इलाके में रोजाना लगभग 300 टन म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट निकलता है। इसके बेहतर प्रबंधन के लिए परिषद के पास 509 टन प्रतिदिन की कुल प्रसंस्करण क्षमता मौजूद है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *