देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखण्ड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखण्ड में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना और स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है। फिल्म निर्माण गतिविधियों में वृद्धि से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन सहित अन्य स्थानीय कारोबारों को भी लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

