आज हिन्दू नववर्ष के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पंचांग कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने और जन-जन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी सनातन परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक मूल्यों के लिए विशेष पहचान रखता है। यहां की परंपराएं केवल आस्था नहीं, बल्कि जीवनशैली और सामाजिक संरचना का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे में पंचांग कैलेंडर का प्रकाशन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि यह पंचांग तिथि, वार, पक्ष, मास, पर्व और विशेष दिनों की सटीक जानकारी देने के साथ-साथ व्रत, त्योहार और धार्मिक आयोजनों की महत्ता से भी लोगों को अवगत कराएगा। इससे आमजन को अपनी संस्कृति से और अधिक जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पंचांग में उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी स्थान दिया गया है, जो राज्य की आस्था और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक हैं। यह कैलेंडर केवल जानकारी ही नहीं देगा, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक झलक भी प्रस्तुत करेगा।
मुख्यमंत्री ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यह पंचांग राज्यवासियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा और भविष्य में इसे और अधिक व्यापक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।