लोहाघाट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चंपावत के लोहाघाट स्थित 36वीं वाहिनी आईटीबीपी परिसर पहुंचकर देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात हिमवीरों के साथ होली का पर्व मनाया। इस अवसर पर उन्होंने जवानों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं, उपहार भेंट किए और उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में हिमवीरों का योगदान अतुलनीय है। सीमांत क्षेत्रों की विषम भौगोलिक और कठिन जलवायु परिस्थितियों में तैनात हमारे वीर जवान देशवासियों की सुरक्षा का सशक्त कवच हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि सदैव वीरता और समर्पण की भूमि रही है, और आईटीबीपी के जवान उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं। ऐसे पावन अवसर पर अपने परिवारों से दूर रहकर मातृभूमि की रक्षा में जुटे जवानों का त्याग और बलिदान पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने जवानों के साथ संवाद भी किया और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास और सुरक्षा बलों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।