आपदा प्रबंधन में उत्तराखंड का डंका, BRICS देशों ने की प्रशंसा

Uttarakhand News

देहरादून। आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्तराखंड ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। भारत की अध्यक्षता में ओडिशा के पुरी में आयोजित BRICS Disaster Risk Reduction (DRR) Working Group की द्वितीय तकनीकी बैठक में उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन मॉडल की खुलकर सराहना की गई।

3 से 5 जून 2026 तक आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में ब्रिक्स देशों सहित 11 सदस्य एवं साझेदार देशों के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल हुए। सम्मेलन में आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली, त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र और सतत आपदा प्रबंधन रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।

उत्तराखंड की ओर से एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी (आईपीएस) और यूएलएमएमसी के निदेशक शांतनु सरकार ने राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए आपदा प्रबंधन की उपलब्धियों और नवाचारों पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

सिल्क्यारा रेस्क्यू बना आकर्षण का केंद्र

सम्मेलन में विशेष रूप से सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन और धराली आपदा प्रबंधन अभियान को उत्तराखंड के सफल आपदा प्रबंधन मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने इन अभियानों को कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में तकनीक, प्रशासनिक समन्वय और मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

पूर्व चेतावनी प्रणाली और SDRF की सराहना

बैठक में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की पूर्व चेतावनी प्रणाली, जोखिम न्यूनीकरण उपायों और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय की प्रशंसा की गई। वहीं, एसडीआरएफ की त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया क्षमता को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आदर्श मॉडल के रूप में रेखांकित किया गया।

एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, क्षमता निर्माण और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक योजना, तकनीकी नवाचार और समयबद्ध निर्णय प्रक्रिया से आपदाओं के प्रभाव को कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

तकनीक आधारित समाधान बनेंगे भविष्य की कुंजी

यूएलएमएमसी निदेशक शांतनु सरकार ने कहा कि भू-स्थानिक तकनीक, रिमोट सेंसिंग, डेटा एनालिटिक्स और आधुनिक पूर्व चेतावनी तंत्र आपदा जोखिम न्यूनीकरण को अधिक प्रभावी बना रहे हैं। भविष्य में तकनीक आधारित समाधान आपदा प्रबंधन की दिशा तय करेंगे।

उत्तराखंड को मिली अंतरराष्ट्रीय मान्यता

ब्रिक्स मंच पर उत्तराखंड के मॉडल को मिली सराहना को राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों के निरंतर प्रयासों को मिली अंतरराष्ट्रीय मान्यता है, जिसने उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर एक उदाहरण के रूप में स्थापित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *