12 से 16 फरवरी तक औली में होंगे नेशनल विंटर गेम्स

Uttarakhand News

देहरादून | 2 फरवरी 2026

औली में नेशनल विंटर गेम्स के आयोजन की तिथियों पर आधिकारिक मुहर लग गई है। पर्यटन विभाग ने विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए 12 से 16 फरवरी 2026 तक नेशनल स्कीइंग गेम्स आयोजित करने की घोषणा की है। इस निर्णय से देशभर के शीतकालीन खेल खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त नंदा देवी स्लोप पर इस समय शीतकालीन खेलों के लिए पर्याप्त बर्फ उपलब्ध है। इससे पहले औली कार्निवाल के साथ नेशनल स्कीइंग प्रतियोगिता आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा गया था, जिस पर सभी पक्षों की सहमति के बाद अंतिम तिथि तय की गई।

बीते दिनों विंटर गेम्स एसोसिएशन ने देश के 18 राज्यों की स्की फेडरेशनों से बातचीत कर रायशुमारी की थी, जिसके उपरांत तिथियों का प्रस्ताव पर्यटन सचिव को भेजा गया। सोमवार को पर्यटन विभाग के एसीईओ बी.एल. राणा की अध्यक्षता में पर्यटन विभाग, गढ़वाल मंडल विकास निगम और विंटर गेम्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में 12 से 16 फरवरी की तिथियों पर अंतिम मुहर लगाई गई।

विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सह सचिव एवं राष्ट्रीय स्की कोच अजय भट्ट ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा औली कार्निवाल के साथ नेशनल स्की गेम्स के आयोजन को अंतिम रूप दे दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तर प्रदेश और ओडिशा सहित भारतीय सेना, बीएसएफ, आईटीबीपी और सीआरपीएफ की टीमें भाग लेने पर सहमत हो चुकी हैं।

आयोजकों के अनुसार औली नेशनल विंटर गेम्स के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रतियोगिता के दौरान अल्पाइन स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग, नॉर्डिक स्कीइंग, स्की माउंटेनियरिंग सहित स्की के अन्य प्रमुख इवेंट आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *