देहरादून, 4 अगस्त। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में लगभग 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम काल की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के साथ-साथ खेल, पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों को भी नई पहचान दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी वेडिंग डेस्टिनेशन और पर्यटन की चर्चा होती है, तो सबसे पहले पहाड़ों की रानी मसूरी का नाम सामने आता है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार मसूरी के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण तेजी से चल रहा है। साथ ही मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना के माध्यम से अनेक गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क का सीआरएफ योजना के तहत सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। वहीं ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है। बाढ़ सुरक्षा के लिए सहस्त्रधारा स्थित बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर लगभग 1.5 किलोमीटर सुरक्षा कार्य तथा न्यू कैंट रोड क्षेत्र में भी सुरक्षा संबंधी निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने हर वादे को धरातल पर उतारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग झूठ और नकारात्मकता फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सरकार विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक संतुलन की रक्षा के लिए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और दंगाइयों से सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति के नुकसान की भरपाई कराने जैसे कानून लागू किए हैं। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लागू किए गए नकल विरोधी कानून के परिणामस्वरूप अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए नई स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों से प्रदेश की बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी आई है तथा नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े और मातृशक्ति आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बने।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर तथा लक्ष्मण सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।