देहरादून। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस ने जनपदभर में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना अनुमति एवं निर्धारित ध्वनि मानकों के विपरीत संचालित लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 43 धार्मिक स्थलों से निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि में बज रहे लाउडस्पीकर हटवाए गए।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम के साथ संयुक्त रूप से धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में जिन स्थानों पर ध्वनि विस्तारक यंत्र निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि स्तर पर संचालित पाए गए, उन्हें तत्काल हटवाया गया। साथ ही संबंधित प्रबंधन एवं व्यक्तियों को बिना सक्षम अनुमति तथा निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन किए बिना लाउडस्पीकर संचालित नहीं करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने इस दौरान संबंधित लोगों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति या संस्था नियमों का उल्लंघन करती पाई गई, तो उसके विरुद्ध संबंधित अधिनियमों एवं नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दून पुलिस ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण तथा आमजन को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।