देहरादून में ‘नवरत्न सम्मान’ समारोह, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने बढ़ाया मेधावी छात्राओं का उत्साह

Uttarakhand News

देहरादून, 15 जुलाई।

राजधानी देहरादून के डीएल रोड स्थित कन्या गुरुकुल परिसर में सामाजिक संस्था जन जागरण अभियान द्वारा उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 9 मेधावी छात्राओं को ‘नवरत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने जैसी पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने छात्राओं से जीवन में निरंतर सीखते रहने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि महिला आयोग उनके अधिकारों और सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि देश की प्रगति में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मानित छात्राएं भविष्य में प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देकर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।

कन्या गुरुकुल की प्रधानाचार्या हेमन पाठक ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करता है। वहीं समाजसेविका विजयालक्ष्मी ने छात्राओं को अनुशासन, निरंतर अध्ययन और बेहतर हस्तलेखन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सफलता के सूत्र साझा किए।

संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करना संस्था का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजेश डोभाल ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सहयोगी संस्थानों एवं सहयोगकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक पीयूष भटनागर, धनंजय कुकरेती, उपाध्यक्ष प्रमोद बेलवाल, प्रो. अर्चना डीमरी, विजय शुक्ला, सौरभ त्रिपाठी, खुशी रावत, सताक्षी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक और छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *