देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भगत सिंह कोश्यारी से उनके निजी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड के समग्र विकास, जनकल्याण, सुशासन तथा प्रदेश से जुड़े समसामयिक विषयों पर आत्मीय वातावरण में चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, जनहितकारी कार्यक्रमों तथा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं का अनुभव और मार्गदर्शन राज्य के विकास के लिए सदैव प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने प्रदेश के विकास और जनसेवा के लिए श्री भगत सिंह कोश्यारी के लंबे सार्वजनिक जीवन एवं योगदान की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने भी मुख्यमंत्री धामी को राज्य के विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
यह मुलाकात आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें राज्य के विकास, जनभागीदारी और उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य को लेकर सकारात्मक विचारों का आदान-प्रदान हुआ।