गदरपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का मुख्यमंत्री ने लिया जायजा

Uttarakhand News

गदरपुर/ऊधम सिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधों, आवागमन, आवास तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं और राज्य की प्राकृतिक परिस्थितियां जल क्रीड़ा, पर्वतीय खेलों तथा एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। राज्य सरकार खेल अवसंरचना के विकास और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखण्ड को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। इसके लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और बड़े मंच उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने तथा वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल खेल गतिविधियों को ही प्रोत्साहित नहीं करते, बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देते हैं। इससे उत्तराखण्ड की पहचान एक प्रमुख साहसिक पर्यटन एवं खेल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रतियोगिता स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यह आयोजन उत्तराखण्ड की उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और आतिथ्य का उदाहरण बन सके।

इस अवसर पर विधायक अरविन्द पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *