स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की तैयारी, शासन ने बदले सात जिलों के सीएमओ

Uttarakhand News

देहरादून, 03 जून। उत्तराखंड शासन के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार सात जिलों में नए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) की नियुक्ति की गई है।

राज्यपाल की स्वीकृति के उपरांत जारी आदेशों के तहत डॉ. योगेश पुरोहित को अल्मोड़ा, डॉ. रश्मि पंत को नैनीताल, डॉ. हरीश पंत को पिथौरागढ़, डॉ. मेघना असवाल को पौड़ी गढ़वाल, डॉ. अमित कुमार शुक्ला को रुद्रप्रयाग, डॉ. रामप्रकाश को टिहरी गढ़वाल तथा डॉ. श्याम विजय को उत्तरकाशी जिले का मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया है।

शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने तथा योगदान आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार को उम्मीद है कि अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से स्वास्थ्य योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, चिकित्सा व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी तथा आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में तेजी आएगी।

प्रदेश सरकार का मानना है कि जिला स्तर पर प्रशासनिक दक्षता बढ़ने से दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे आमजन को बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *