पीएम पोषण योजना के तहत भोजन माताओं को मशरूम खेती का प्रशिक्षण, बच्चों को मिलेगा फोर्टिफाइड दूध

Uttarakhand News

देहरादून, 27 मई 2026 मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना के संबंध में राज्य स्तरीय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पीएम पोषण योजना की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने योजना के तहत अधिक से अधिक विद्यालयों का सोशल ऑडिट कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सोशल ऑडिट में सामने आने वाली कमियों की जानकारी संबंधित जनपदों को भेजी जाए और उनकी अनुपालन रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की डिजिटल मैपिंग एवं ट्रैकिंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही बच्चों की हेल्थ स्क्रीनिंग पर विशेष जोर देते हुए स्वास्थ्य विभाग को एनीमिया समेत अन्य बीमारियों से पीड़ित बच्चों के उपचार और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विद्यालयों का स्थान आधारित विश्लेषण किया जाए, ताकि विभिन्न जनपदों और ब्लॉकों में बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए विशेष रणनीति बनाई जा सके।

बैठक में सचिव रविनाथ रमन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारत सरकार को भेजी जाने वाली वार्षिक कार्ययोजना और बजट प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा नई पहल के तहत बागेश्वर और हरिद्वार जनपदों में 78 भोजन माताओं को मशरूम खेती का प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे मध्याह्न भोजन में पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाई जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड सहकारी डेयरी फेडरेशन लिमिटेड के सहयोग से बच्चों को सप्ताह में दो बार फोर्टिफाइड फ्लेवर्ड स्किम्ड दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों के पोषण स्तर में सुधार करना है।

बैठक में सचिव श्री चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव श्रीमती नमामि बंसल, श्री रोहित मीणा, निदेशक विद्यालयी शिक्षा श्री मुकुल कुमार सती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *