ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को सूचना विभाग में ‘नो व्हीकल डे’ मनाया गया। शासन के निर्देशों के क्रम में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहन, साइकिल तथा पैदल कार्यालय पहुंचकर इस पहल में सहभागिता की।
इस दौरान बंशीधर तिवारी स्वयं साइकिल से सूचना निदेशालय पहुंचे। वहीं अपर निदेशक सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक स्कूटी एवं साइकिल का उपयोग कर अभियान को सफल बनाया।
महानिदेशक सूचना ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से बड़े सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए सभी को अपनी दिनचर्या में ऐसे सकारात्मक बदलाव अपनाने चाहिए।
उन्होंने बताया कि सूचना विभाग द्वारा इस पहल को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि लोगों में पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।