देहरादून। पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को सचिवालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन, उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने संगठन की अध्यक्ष रेखा नेगी के नेतृत्व में भेंट कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को रखा। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि के विषय में गंभीरतापूर्वक विचार कर रही है।
मानदेय वृद्धि के लिए केंद्र सरकार से भी किया गया अनुरोध
बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव ने जानकारी दी कि आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय वृद्धि के संबंध में भारत सरकार से भी अनुरोध किया गया है। मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख के बाद संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने पर सहमति जताई।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई महत्वपूर्ण बैठक
इस अवसर पर सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगोली, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव चन्द्रेश कुमार तथा विभागीय निदेशक बी.एल. राणा भी उपस्थित रहे। बैठक में आंगनबाड़ी कर्मियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और जल्द समाधान की दिशा में सकारात्मक संकेत दिए गए।