मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में प्रख्यात फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अग्रणी गंतव्य के रूप में विकसित करने, निवेश आकर्षित करने और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के कारण फिल्म निर्माण के लिए बेहद उपयुक्त है। राज्य सरकार का लक्ष्य इसे देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनाना और एक सशक्त फिल्म शूटिंग हब के रूप में स्थापित करना है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की आधुनिक फिल्म नीति के तहत निर्माताओं को आकर्षक सब्सिडी, टैक्स छूट और विभिन्न सुविधाएं दी जा रही हैं। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग से संबंधित सभी अनुमतियां सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाई गई हैं, जिससे फिल्म निर्माण प्रक्रिया को काफी आसान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में अब तक कई हिंदी, क्षेत्रीय फिल्में, टीवी धारावाहिक और वेब सीरीज की शूटिंग सफलतापूर्वक हो चुकी है। राज्य की वादियां, झीलें, धार्मिक स्थल और ऐतिहासिक लोकेशन फिल्म निर्माताओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” का राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है, जो राज्य की नीतियों की सफलता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लोकेशन बैंक तैयार किया गया है, जिसमें विभिन्न जनपदों के पर्वतीय क्षेत्र, झीलें, वन क्षेत्र, ऐतिहासिक स्थल और धार्मिक धाम शामिल हैं। साथ ही फिल्म सिटी के विकास की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे पूरी फिल्म निर्माण प्रक्रिया राज्य के भीतर ही संभव हो सके।
उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। सरकार स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को जोड़ने तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रही है।
इस अवसर पर मधुर भंडारकर ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने भविष्य में यहां शूटिंग करने की इच्छा भी व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि फिल्म उद्योग के ये प्रयास राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार फिल्म निर्माताओं को हर संभव सहयोग देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।