सीएम धामी ने की कुंभ मेला तैयारियों की समीक्षा

Uttarakhand News

हरिद्वार, 21 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में कुंभ मेला 2027 हरिद्वार की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष आयोजित होने वाला कुंभ मेला दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक होगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

मेला नियंत्रण भवन में आयोजित बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई और वर्तमान कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। सभी स्थायी कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि अस्थायी कार्यों के प्रस्तावों को अंतिम रूप देकर समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जोन एवं सेक्टर स्तर की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न करने तथा निर्माण कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए।

परिवहन, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने परिवहन एवं पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा वैकल्पिक मार्ग चिन्हित करने को कहा। संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्नान, आवागमन और ठहराव के लिए विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं वृद्ध श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी सुदृढ़

कुंभ क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग लेने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत बोट एवं बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि बीमार श्रद्धालुओं को शीघ्र चिकित्सा सुविधा मिल सके।

सुरक्षा, साइबर निगरानी और रेस्क्यू व्यवस्था

मेले में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, साइबर सुरक्षा सुदृढ़ करने, अग्निशमन और रेस्क्यू टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

घाट, पुल और विद्युत व्यवस्था की समीक्षा

कुंभ क्षेत्र में निर्मित सभी पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराने तथा आवश्यकता अनुसार मरम्मत समय पर पूर्ण करने को कहा गया। गंगा घाटों के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा रेलिंग और फिसलन-रोधी प्रबंध समय से पूरे करने के निर्देश दिए गए। कुंभ प्रारंभ होने से पूर्व सभी विद्युत लाइनों को भूमिगत करने पर भी जोर दिया गया।

भूमि प्रबंधन और आवंटन की मॉनिटरिंग स्वयं मेलाधिकारी द्वारा किए जाने तथा क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत सहित जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए सुझाव दिए। मेलाधिकारी सोनिका ने स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति पर प्रस्तुतीकरण दिया।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि कुंभ मेला-2027 का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *