“डिग्री के साथ मानवता की सेवा का दायित्व भी जुड़ा है”- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा

Uttarakhand News

जॉलीग्रांट, देहरादून।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जॉलीग्रांट स्थित स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में क्रमशः मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

“डिग्री के साथ मानवता की सेवा का दायित्व भी जुड़ा है” – जेपी नड्डा

केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न संकायों से डिग्री प्राप्त करने वाले 1001 छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत केवल शैक्षणिक उपलब्धि नहीं, बल्कि जीवन की नई यात्रा का आरंभ है।
उन्होंने कहा कि अमृतकाल के अगले 25 वर्ष विकसित भारत के निर्माण के निर्णायक वर्ष होंगे, जिनमें आज के युवा कर्ताधर्ता की भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी, टीबी-मलेरिया उन्मूलन की दिशा में प्रगति और कैंसर के अर्ली डिटेक्शन जैसे स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना के नेतृत्व की सराहना की।

“युवा शक्ति ही राज्य और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत” – मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डिग्री प्राप्तकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा और जनसेवा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय ने विशिष्ट पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री ने रिवर्स पलायन, पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सड़क-बिजली-इंटरनेट कनेक्टिविटी, पर्यटन विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलावों का उल्लेख करते हुए छात्रों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

1001 विद्यार्थियों को डिग्रियां, CDOE का शुभारंभ

  • मेडिकल, एलाइड हेल्थ, नर्सिंग, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, योग विज्ञान एवं बायो-साइंसेज के 1001 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान
  • 31 विद्यार्थियों को अकादमिक अवार्ड
  • 2 छात्रों को स्वामी राम बेस्ट ग्रेजुएट अवार्ड
  • 14 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि

समारोह में सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (CDOE) का ऑनलाइन शुभारंभ भी किया गया। विश्वविद्यालय को NAAC से A+ ग्रेड प्राप्त है, जिससे CDOE के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रम यूजीसी से एंटाइटल्ड हैं।

इस अवसर पर उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कुलपति डॉ. राजेंद्र डोभाल, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *