मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का किया स्थलीय निरीक्षण

Uttarakhand News

नैनीताल।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद भ्रमण के दौरान गोला नदी पर निर्माणाधीन जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों से निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा परियोजना को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी द्वारा दशकों पुरानी जन-मांग को स्वीकार कर जमरानी बांध परियोजना को स्वीकृति देना क्षेत्रवासियों के लिए ऐतिहासिक सौगात है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि केन्द्र और राज्य सरकार के निरंतर संवाद से पर्यावरणीय एवं तकनीकी बाधाओं का समाधान किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखकर धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अड़चन या धन की कमी को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना सिंचाई एवं पेयजल आपूर्ति के क्षेत्र में मील का पत्थर सिद्ध होगी। इससे उत्तराखण्ड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के किसानों और क्षेत्रवासियों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। परियोजना से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और पर्यटन व समग्र क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय मांग के अनुरूप विद्युत उत्पादन की संभावनाओं पर केन्द्र सरकार से भी चर्चा की जाएगी।

इस अवसर पर परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे ने जानकारी दी कि परियोजना के अंतर्गत निर्मित की जा रही दो टनलों का कार्य लगभग 88 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। नदी के जल प्रवाह के डायवर्जन हेतु कॉफर डैम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि जून 2026 तक टनल एवं कृत्रिम डैम का कार्य पूर्ण कर मानसून के दौरान नदी का जल टनलों के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। परियोजना का संपूर्ण निर्माण कार्य जून 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

निरीक्षण के दौरान विधायक कालाढुंगी बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू, मण्डलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *