ऋषिकेश में अखिल भारतीय महापौर परिषद की बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

Uttarakhand News

ऋषिकेश, 3 जून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित होटल नटराज में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 29.78 करोड़ रुपये की तीन विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 23.15 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण तथा 6.63 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

देशभर से आए महापौरों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेयर किसी भी शहर के प्रथम नागरिक होने के साथ-साथ वहां के लोगों की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास के प्रतिनिधि भी होते हैं। उनके निर्णय शहरों के वर्तमान ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि भारत की आत्मा गांवों में बसती है तो नागरिकों के सपने और संभावनाएं शहरों में आकार लेती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण पल उत्तराखंड में बिताए हैं और राज्य के प्रत्येक क्षेत्र से भली-भांति परिचित हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य में पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को नई ऊंचाइयां मिली हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के मात्र 45 दिनों में ही 30 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सरल, सुगम और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जहां पहले आदि कैलाश में लगभग 500 श्रद्धालु पहुंचते थे, वहीं इस वर्ष प्रतिदिन करीब 1000 श्रद्धालु वहां पहुंच रहे हैं। मां पूर्णागिरि धाम में भी अब तक 24 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड में 23 करोड़ से अधिक पर्यटक और श्रद्धालु आ चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शहरी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से शहरों में स्वच्छता की नई संस्कृति विकसित हुई है, जबकि स्मार्ट सिटी मिशन के जरिए आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरों का निर्माण हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना से लाखों गरीब परिवारों का घर का सपना पूरा हुआ है तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी शहरी विकास को नई दिशा दी जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रत्येक नगर में ठोस कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को मजबूत किया गया है। स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, खुले में शौच मुक्त अभियान और लीगेसी वेस्ट प्रबंधन जैसी योजनाओं का लाभ प्रदेशवासियों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहली बार नगर निकायों में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं ताकि शहरी गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। निराश्रित गौवंशों के संरक्षण के लिए आश्रय योजना तथा आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना भी संचालित की जा रही है। इसके साथ ही हरित क्षेत्रों के विकास और प्रदूषण नियंत्रण के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शहर ही देश की वास्तविक छवि दुनिया के सामने प्रस्तुत करते हैं। यदि शहर स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित होंगे तो भारत भी एक सशक्त और विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक शहर का विकास विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप उत्तराखंड भी विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर महानगरों के निर्माण में सौर ऊर्जा, कूड़ा प्रबंधन, वर्षा जल संचयन और स्थानीय उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 1.80 करोड़ रुपये की लागत से ऋषिकेश में 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन निर्माण कार्य तथा 4.83 करोड़ रुपये की लागत से 12 स्थानों पर वर्षा जल संचयन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने 23.15 करोड़ रुपये की लागत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के अंतर्गत कम्पोस्ट प्लांट एवं सैनिटरी लैंडफिल साइट निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, रेनू बाला गुप्ता, आशुतोष सहित देशभर के विभिन्न शहरों से आए महापौर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *