सीएम धामी ने घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

Uttarakhand News

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित शासनादेश 15 जून 2026 तक जारी किए जाएं और कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यमकेश्वर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, वनाग्नि और मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता पर किया जाए। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और जनसमस्याओं के समाधान में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

हर ब्लॉक में बालिका छात्रावास, धार्मिक सर्किट का होगा विकास

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य के प्रत्येक विकासखंड में बालिकाओं के लिए छात्रावास स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए अधिक छात्राओं वाले विद्यालयों का चयन कर भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही रघुनाथ मंदिर, कोट ब्लॉक स्थित लक्ष्मण मंदिर और फलस्वाड़ी स्थित सीता माता मंदिर को जोड़कर एक भव्य धार्मिक सर्किट के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के प्रस्तावों को केंद्र सरकार के मानकों के अनुरूप तैयार कर शीघ्र भेजा जाए, ताकि उन्हें जल्द स्वीकृति मिल सके। युवाओं की सुविधा के लिए पौड़ी में मल्टीपरपज हॉल निर्माण पर भी जोर दिया गया।

PERT चार्ट से निगरानी, अधिकारियों को जवाबदेही तय करने के निर्देश

Program Evaluation and Review Technique (पी.ई.आर.टी.) चार्ट के माध्यम से घोषणाओं की निगरानी करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक परियोजना की समयसीमा तय कर उसकी नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने रोपवे परियोजनाओं की अलग से समीक्षा, पार्किंग समस्याओं के समाधान और सरकारी भवनों में सोलर पैनल लगाने के निर्देश भी दिए। बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, धन सिंह रावत सहित कई विधायक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *