देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, मजबूत एम-पैक्स से गांव सशक्त होंगे और मजबूत गांवों से समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में सहकार भारती उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित श्री लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने सहकार भारती के संस्थापक श्रद्धेय लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सहकारिता को मजबूत बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम सहकारिता क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और एम-पैक्स को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि पंतनगर की ज्ञानभूमि से सहकारिता को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई हैं। सहकार ग्रंथ के लोकार्पण, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ की पहल, सहकारिता क्षेत्र में नए पाठ्यक्रम, युवाओं को जोड़ने के लिए सोशल मीडिया रील्स अभियान और एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण जैसे प्रयास सहकारिता को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को ‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए सहकारिता को ग्रामीण विकास का प्रभावी माध्यम बनाया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन रोकने, कृषि को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में सहकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
उन्होंने कहा कि पैक्स सहकारिता व्यवस्था की आधारशिला हैं और बदलती जरूरतों के अनुरूप इन्हें एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। इसके माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं, युवाओं को नए अवसर और ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक मजबूती देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एम-पैक्स को प्रभावी बनाने के लिए कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व जरूरी है। इसी उद्देश्य से नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सहकारिता की भावना को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेन्द्र कुमार कश्यप, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी सहित अन्य पदाधिकारी एवं अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।