आपदा के समय अग्निशमन विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण

Uttarakhand News

देहरादून। उत्तराखंड अग्निशमन विभाग के अग्निशमन सेकेंड ऑफिसर के छह माह का प्रशिक्षण ओडिशा से पूरा करने के बाद एक माह का व्यावहारिक प्रशिक्षण ले रहे 21 प्रशिक्षुओं ने सोमवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का भ्रमण किया। इस दौरान प्रशिक्षुओं को प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।

अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र ने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य में अग्निशमन विभाग की भूमिका केवल आग की घटनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति में महत्वपूर्ण प्रथम प्रतिक्रिया बल के रूप में कार्य करता है। भूकंप, भूस्खलन, सड़क दुर्घटना, भवन दुर्घटना, आगजनी सहित अन्य आपातकालीन घटनाओं में प्रभावित लोगों तक तत्काल पहुंचना, खोज एवं बचाव कार्य करना और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना अग्निशमन विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल है।

उन्होंने प्रशिक्षुओं से कहा कि व्यावहारिक प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक रेस्क्यू तकनीकों, आपदा प्रतिक्रिया और विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय की कार्यप्रणाली को गंभीरता से समझें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।

अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी ने प्रशिक्षुओं को यूएसडीएमए की भूमिका और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण राज्य में आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, क्षमता विकास, प्रशिक्षण, जन-जागरूकता और आपदा के दौरान प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि आपदा की सूचना प्राप्त होने से लेकर संबंधित जनपद एवं विभागीय अधिकारियों तक सूचना पहुंचाने, रिस्पांस एजेंसियों को सक्रिय करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय की प्रक्रिया में केंद्र महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करता है।

इस अवसर पर संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा, अग्निशमन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर एस.के. राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *