देहरादून, 24 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जन समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित और सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरणों की प्रगति से भी नियमित रूप से अवगत कराया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार का दायित्व है और प्रत्येक अधिकारी जनसेवा की भावना के साथ पूर्ण संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए कार्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप एवं आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप को प्राप्त जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला अथवा विभागीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए, जबकि उच्च स्तर पर निर्णय अपेक्षित प्रकरणों को शीघ्र संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और जनसुनवाई व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।