देहरादून, 21 जुलाई (सू. ब्यूरो)। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को जिलाधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित पीएम पोषण (मिड-डे मील) एवं समग्र शिक्षा अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में आधारभूत संरचना, छात्र नामांकन और शिक्षण गुणवत्ता में सुधार पर विशेष जोर देते हुए लर्निंग आउटकम बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित मूल्यांकन के साथ-साथ वोकेशनल ट्रेनिंग को भी बढ़ावा दिया जाए, ताकि विद्यार्थियों को व्यवहारिक एवं रोजगारपरक शिक्षा मिल सके।
बैठक में उन्होंने पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे मिड-डे मील का सोशल ऑडिट कराने के निर्देश दिए। साथ ही योजना की निगरानी के लिए रियल टाइम मॉनिटरिंग मैकेनिज्म विकसित करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि यदि किसी विद्यालय में किसी दिन भोजन नहीं बनता है तो उसके कारणों की जानकारी विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से एमडीएम सेल द्वारा प्रतिदिन राज्य परियोजना निदेशक, संबंधित जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्कूलों में हेल्थ चेकअप रोस्टर का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण में स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने विद्यालयों में बालिकाओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उनकी नियमित साफ-सफाई के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्य सचिव ने राज्य के सभी विद्यालयों के 100 प्रतिशत विद्युतीकरण का लक्ष्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में अभी तक बिजली उपलब्ध नहीं है, उनकी कारणवार सूची तैयार कर शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही प्रमुख सचिव ऊर्जा को निर्देश दिए कि ऐसे विद्यालयों को सरकारी भवनों के सोलराइजेशन कार्यक्रम के माध्यम से विद्युत सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, चंद्रेश कुमार यादव, युगल किशोर पंत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।