नई दिल्ली/देहरादून, 20 जून। उत्तराखण्ड पुलिस को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित “इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवॉर्ड फॉर स्टेट पुलिस” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान देशभर में पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन संबंधी प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया गया।
नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित समारोह में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने उत्तराखण्ड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए. पी. अंशुमान को यह सम्मान प्रदान किया।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि यह उपलब्धि पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और प्रभावी कार्यप्रणाली के माध्यम से सत्यापन प्रक्रिया को अधिक सरल और तेज बनाया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर उत्तराखण्ड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान जनसेवा के क्षेत्र में उत्तराखण्ड पुलिस की उत्कृष्ट कार्यशैली और समर्पण का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाती रहेगी।