देहरादून, 20 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4,400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा तथा शिक्षा सहायता योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में ‘वन क्लिक’ के माध्यम से धनराशि भेजी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट ही आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें सुविधाजनक ढंग से लाभ प्राप्त हो सके।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उनके आश्रित बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा जीवनोपयोगी सामग्री वितरण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र श्रमिकों तक ही पहुंचे।
कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।
इस अवसर पर राज्य सलाहकार (संविदा बोर्ड) कैलाश पंत, राज्य सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहिनी पोखरिया, अपर सचिव विनीत कुमार, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त शैलेश सती, वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ दुर्गा चमोली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रम आयुक्त प्रकाश चन्द्र दुम्का ने किया।