रेल परियोजनाओं को लेकर सक्रिय हुई सरकार, मुख्यमंत्री धामी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

Uttarakhand News

देहरादून, 19 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल से भेंट कर राज्य में रेलवे अवसंरचना के विस्तार, निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं और भविष्य की रेलवे आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत बनाना राज्य के समग्र विकास, पर्यटन, तीर्थाटन, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को राज्य की महत्वाकांक्षी एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए इसके कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना चारधाम यात्रा, विशेष रूप से श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुगम और आधुनिक बनाएगी।

बैठक में टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परियोजना का सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नवंबर 2026 तक इस परियोजना पर ठोस प्रगति देखने को मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग-बागेश्वर रेल लाइन तथा किच्छा-खटीमा रेल लाइन परियोजनाओं को भी क्षेत्रीय संतुलित विकास और भविष्य की आवश्यकताओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इन पर तेजी से कार्यवाही आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि राज्य में बढ़ती पर्यटन और तीर्थाटन गतिविधियों को देखते हुए प्रमुख रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण आवश्यक है। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर और टनकपुर रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक व्यवस्थाओं को विकसित करने पर बल दिया गया।

मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ और कांवड़ मेले को देखते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की रेलवे स्टेशनों पर विशेष सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता भी जताई। उन्होंने कहा कि रेलवे और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सकता है।

बैठक में हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण (डबल लाइन) के विषय पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण से राज्य में निवेश, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी।

रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में उठाए गए सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा।

बैठक में सचिव बृजेश कुमार संत और अपर सचिव रीना जोशी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *