देहरादून, 09 जून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो संस्करण का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुस्तक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही स्थान पर संकलित किया गया है, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी सरलता से प्राप्त हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया को सहज और सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग निरंतर नवाचार करें तथा शासनादेशों को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक कार्यकाल पूरा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन चुके हैं। उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा केंद्र सरकार की नई नीतियां और कानून देश की प्रगति को मजबूत आधार प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड को विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है और केंद्र सरकार द्वारा राज्य के विकास कार्यों के लिए लगातार वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके परिणामस्वरूप सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यशैली के कारण प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और प्रति व्यक्ति आय में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली, मिशन एप्पल सहित अनेक रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित कर रही है।
इस अवसर पर सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन श्री दीपक कुमार ने बताया कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी सहित विभिन्न रेडियो स्टेशनों पर प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग अब तक पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है तथा इसका डिजिटल संस्करण भी जारी किया जा चुका है।
कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।