भीमताल में सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं, 13 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

Uttarakhand News

भीमताल/नैनीताल, 05 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को जनपद नैनीताल को 96 करोड़ 71 लाख रुपये की 13 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 67 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 6 योजनाओं का लोकार्पण तथा 29.71 करोड़ रुपये की 7 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

भीमताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने भीमताल में सैनिकों एवं व्यापारियों के लिए बहुउद्देशीय भवन निर्माण, भीमेश्वर मंदिर एवं ओखलकांडा पशुपतिनाथ मंदिर को मंदिर माला मिशन से जोड़ने, ओढ़ाखांन-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग के जीप मार्ग के मिलान, रामगढ़ उप तहसील के शीघ्र संचालन तथा प्राधिकरण संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित करने की घोषणा की।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसके जंगल, जल स्रोत और जैव विविधता हैं तथा इन्हें सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने जलवायु परिवर्तन को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि अनियमित वर्षा, बढ़ता तापमान, सूखते जल स्रोत और पिघलते ग्लेशियर गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रत्येक परिवार से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने और अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने का आग्रह किया। उन्होंने चिपको आंदोलन और गौरा देवी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने दुनिया को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण, नदी पुनर्जीवन, वनीकरण, वन्यजीव संरक्षण और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से वनाग्नि की घटनाओं को रोकने में सहयोग करने की भी अपील की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *