देहरादून, 1 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों, सड़क निर्माण, बाढ़ सुरक्षा कार्यों, विद्युत परियोजनाओं तथा सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के लिए लगभग 191 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री द्वारा देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में सांग नदी के चैनलाइजेशन कार्य हेतु ₹3.62 करोड़ तथा विकासनगर कॉलोनी में नलकूप निर्माण के लिए ₹63.62 लाख की स्वीकृति दी गई है। वहीं हरिद्वार में पुराना दिल्ली-नीतिपास राज्य मार्ग एवं अन्य आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए ₹21.64 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
टिहरी जनपद के नरेंद्रनगर में न्यायालय कर्मियों के लिए आवास निर्माण, हरिद्वार में राजकीय सुरक्षा स्थल भवन निर्माण, मुक्तेश्वर में कार पार्किंग, सितारगंज में पर्वतीय विकास भवन के शेष कार्यों तथा बागेश्वर के कांडा क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण सहित अनेक परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन को आरडीएसएस योजना के तहत ₹70 करोड़ जारी करने की मंजूरी दी है। इसके अलावा यूपीसीएल की निर्माणाधीन योजनाओं के लिए ₹25 करोड़ तथा भवनों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को शिफ्ट करने हेतु ₹5 करोड़ की स्वीकृति भी दी गई है।
ऋषिकेश की आस्था पथ परियोजना के सौंदर्यीकरण के लिए ₹35.78 करोड़, कुम्भ मेला-2027 के तहत प्रेमनगर आश्रम गंगा घाट के सौंदर्यीकरण हेतु ₹1.50 करोड़ तथा वीरभद्र बैराज से चंडी घाट हरिद्वार तक सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए ₹4.68 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए पिथौरागढ़ के कालसीन देवता मंदिर और टिहरी के नाग देवता मंदिर के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों हेतु भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।