देहरादून, 29 मार्च 2026। मानव सेवा के उद्देश्य से Sant Nirankari Mission की शाखा सिनौला (आंगनबाड़ी केंद्र, मलसी रोड, मसूरी जोन-55) में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा ‘रक्तदान महादान’ शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान मिशन के 61 श्रद्धालुओं ने निःस्वार्थ भाव से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
रक्त संग्रहण के लिए Doon Medical College Hospital के ब्लड बैंक की टीम शिविर में मौजूद रही, जिन्होंने सभी स्वास्थ्य मानकों के अनुसार रक्त एकत्र किया।
शिविर का शुभारंभ मसूरी जोन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “रक्तदान जीवनदान है, रक्त की कोई जाति नहीं होती और जरूरत के समय इंसान ही इंसान के काम आता है।”
इस अवसर पर स्थानीय मुखी जीवन सिंह ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मिशन देशभर में रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी रहा है और अब तक 9000 से अधिक शिविरों के माध्यम से लगभग 15 लाख यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका है।
संत निरंकारी मिशन समाज कल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मिशन द्वारा नियमित रूप से रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, महिला एवं बाल सशक्तिकरण कार्यक्रम, निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर तथा प्राकृतिक आपदाओं में राहत कार्य संचालित किए जाते हैं।